जिनपिंग एक महान नेता और मित्र, द्विपक्षीय वार्ता से पहले ट्रंप ने की चीनी राष्ट्रपति की प्रशंसा

Sandesh Wahak Digital Desk: चीन के ग्रेट हॉल ऑफ पीपुल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है। बैठक के उद्घाटन संबोधन (ओपनिंग रिमार्क) में राष्ट्रपति ट्रंप ने शी जिनपिंग की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक महान नेता बताया और कहा कि उनके साथ होना एक सम्मान की बात है। ट्रंप ने इस समिट को लेकर भारी उत्साह दिखाते हुए कहा कि वर्तमान में अमेरिका और चीन के संबंध अपने सबसे बेहतरीन दौर की ओर बढ़ रहे हैं।

शीर्ष व्यापारिक डेलिगेशन के साथ पहुंचे ट्रंप

ट्रंप ने अपनी टीम की विशिष्टता पर जोर देते हुए बताया कि वे अपने साथ अमेरिका की टॉप 30 कंपनियों के प्रमुखों को लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, मुझे डेलिगेशन में दूसरे या तीसरे नंबर के लोग नहीं, बल्कि सिर्फ शीर्ष अधिकारी चाहिए थे, जो आज चीन को सम्मान देने और व्यापारिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए यहाँ मौजूद हैं। ट्रंप ने भरोसा जताया कि भविष्य में दोनों देश मिलकर हर मुश्किल का समाधान निकाल लेंगे।

तकनीक और ग्लोबल मुद्दों पर होगी गहन चर्चा

इस हाई-प्रोफाइल बैठक में व्यापारिक रिश्तों के साथ-साथ तकनीक, होर्मुज जलडमरूमध्य और ईरान जैसे वैश्विक स्तर के गंभीर मुद्दों पर चर्चा होनी है। ट्रंप ने इसे अब तक की सबसे बड़ी समिट करार देते हुए कहा कि अमेरिका में हर तरफ बस इसी मुलाकात की चर्चा हो रही है। इससे पहले, ग्रेट हॉल में राष्ट्रपति जिनपिंग ने ट्रंप का भव्य स्वागत किया, जिसमें चीनी सैनिकों द्वारा एक शानदार कोरियोग्राफ्ड मिलिट्री शो भी पेश किया गया।

Also Read: अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने मदरसा शिक्षकों के लिए रोडमैप जल्द लागू करने का दिया भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.