‘हां, मैं पति के मर्डर में शामिल थी…’, रोते-रोते SIT की पूछताछ में सोनम रघुवंशी ने कबूला जुर्म

Sandesh Wahak Digital Desk: मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस द्वारा कड़े सबूतों के साथ की गई पूछताछ में पत्नी सोनम रघुवंशी ने खुद ही अपने पति की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली है। अपने प्रेमी राज कुशवाहा के सामने बैठाकर जब पुलिस ने सोनम से पूछताछ की तो वह भावनात्मक रूप से टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

23 मई को शिलांग के सोहरा इलाके में हुई राजा रघुवंशी की हत्या की जांच के लिए मेघालय पुलिस ने ‘ऑपरेशन हनीमून’ नाम से विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 42 सीसीटीवी फुटेज, खून से सना जैकेट, सोनम का रेनकोट, होटल रिकॉर्ड्स और मोबाइल लोकेशन जैसे ठोस सबूत जुटाए गए। इन्हीं सबूतों के दबाव में सोनम ने हत्या की साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस जांच से सामने आया कि सोनम ने हनीमून के बहाने राजा को शिलांग के सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी लोकेशन हत्यारों तक पहुंचाई। हत्या के बाद उसने सोशल मीडिया पर पति के अकाउंट से “सात जन्मों का साथ है” जैसी पोस्ट डालकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

सुपारी किलर्स के साथ रची गई साजिश

सोनम ने कबूला कि उसने अपने प्रेमी राज कुशवाह और तीन सुपारी किलर्स आकाश राजपूत, विशाल उर्फ विक्की ठाकुर और आनंद कुर्मी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को पुलिस ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया है। हत्या वाले दिन सोनम ने ससुराल वालों को यह कहकर बहकाया था कि वह अपरा एकादशी का व्रत रख रही है, लेकिन होटल के रिकॉर्ड में खाना ऑर्डर करने की पुष्टि हुई, जिससे उसकी झूठी कहानी का पर्दाफाश हो गया।

गिरफ्तारी और परिजनों का आक्रोश

सोनम ने 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने उसे, राज कुशवाह और तीनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के बाद राजा के पिता अशोक रघुवंशी और भाई सचिन रघुवंशी ने सोनम के लिए फांसी की सजा और उसके परिवार के सामाजिक बहिष्कार की मांग की है। सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने भी हत्यारों को फांसी दिए जाने की बात कही, लेकिन साथ ही यह दावा किया कि उसे इस साजिश की कोई जानकारी नहीं थी।

Also Read: Jaipur Accident: शादी से लौट रहे परिवार की कार कंटेनर से टकराई, दुल्हन समेत छह की…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.