योगी सरकार का बड़ा ऐलान, अब सामूहिक विवाह में कन्याओं दिया जाएगा सिंदूरदान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सामूहिक विवाह योजना में बड़ा बदलाव करते हुए अब इस योजना के तहत कन्याओं को सिंधौरा (सिंदूरदान) देने का फैसला लिया है। इसके साथ ही योजना की आय सीमा बढ़ाकर तीन लाख रुपये कर दी गई है। वहीं प्रति जोड़े पर होने वाला खर्च अब 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। इस बाबत शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब जिन परिवारों की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है, वे भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। पहले यह सीमा दो लाख रुपये थी। योजना का लाभ लेने के लिए कन्या पक्ष को यह प्रमाण देना होगा कि वे उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं।
कन्या की उम्र की पुष्टि के लिए स्कूल रिकॉर्ड, जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या मनरेगा जॉब कार्ड को मान्य दस्तावेज माना जाएगा। योजना में निराश्रित कन्या, विधवा महिला की पुत्री, दिव्यांग अभिभावक की बेटी और दिव्यांग कन्या को प्राथमिकता दी जाएगी।
शादी समारोह में शामिल होंगे पुजारी, खर्च में शामिल होगी दक्षिणा भी
जिलास्तर पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जिलाधिकारी (DM) की देखरेख में समाज कल्याण अधिकारी द्वारा किया जाएगा। हर जोड़े को 60 हजार रुपये की राशि सीधे कन्या के खाते में डीबीटी के ज़रिए भेजी जाएगी, जबकि 25 हजार रुपये तक की उपहार सामग्री दी जाएगी। इसके अलावा 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा आयोजन पर खर्च किए जाएंगे, जिसमें पुजारी या मौलवी की दक्षिणा और सेवा शुल्क भी शामिल रहेगा।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि 100 से अधिक जोड़ों के विवाह समारोह के लिए जर्मन हैंगर जैसे उच्च गुणवत्ता वाले पंडाल लगाए जाएंगे, जिससे आयोजन और भी शालीन और गरिमापूर्ण बनाया जा सके।
Also Read: 400 करोड़ की घूसखोरी मामले में अभी तक अभिषेक प्रकाश को चार्जशीट नहीं

