Ram Mandir चढ़ावा चोरी में पुलिस की बड़ी कामयाबी, 79.85 लाख रिकवर, 8 आरोपी जेल रवाना
Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अब तक 79.85 लाख रुपये की बरामदगी की है। मामले में गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब सोमवार को सभी आरोपियों को भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली स्पेशल कोर्ट में फिर पेश किया जाएगा।
प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर केसी वर्मा ने बताया कि पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और बरामदगी के साथ-साथ धन के लेन-देन की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है।
इस मामले में गुरुवार देर रात श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष कुमार यादव समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है।
FIR के मुताबिक आरोपियों पर चढ़ावे की रकम में चोरी, गबन, आपराधिक विश्वासघात, चोरी की संपत्ति रखने, आपराधिक षड्यंत्र रचने, साक्ष्य छिपाने और समान आशय से अपराध करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही लोक सेवकों पर लागू भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गणना कक्ष में तैनात कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
शिकायत में कहा गया है कि Ram Mandir के गणना कक्ष (Counting Room) में तैनात कुछ कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों की भूमिका भी प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई है। विशेष रूप से सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत अन्य लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
एफआईआर 25 जून 2026 को ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की ओर से उनके अधिवक्ता अनिल कुमार यादव के माध्यम से दर्ज कराई गई थी।
गिरफ्तारी के बाद भेजे गए जेल, 29 जून को फिर होगी पेशी
फरव दर्ज होने के बाद पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब सोमवार को सभी आरोपियों को दोबारा स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
टिन्नू यादव पर पहले भी उठ चुके थे सवाल
मामले में नामजद रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के वाहन चालक रह चुके हैं। विवाद सामने आने के बाद टिन्नू ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि वह चढ़ावे की रकम की गिनती में शामिल नहीं था और कुछ लोग उसे साजिशन फंसा रहे हैं।
हालांकि जांच एजेंसियों का दावा है कि Ram Mandir चढ़ावे में मिली नकदी और कीमती सामान की गिनती के दौरान लवकुश मिश्र, अनुकल्प मिश्र समेत अन्य आरोपियों की भी अहम भूमिका थी। अब पुलिस वित्तीय लेन-देन, बरामद रकम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
Also Read: राम मंदिर चंदा चोरी कांड: CCTV ने खोला राज, 39 दिनों में हुई चोरी की 70 कोशिशें

