जावा सागर में लापता जहाज के 102 यात्री बचाए गए, 1 की मौत, 137 की तलाश जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडोनेशिया के जावा सागर में रविवार को 240 यात्रियों को ले जा रहा एक पोत अचानक लापता हो गया, जिसके बाद चलाए गए बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान में 102 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, इस दुखद हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। अधिकारियों और स्थानीय बचाव दल द्वारा समुद्र में बाकी बचे 137 यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।

सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था वर्गो ट्रांसपोर्ट 8

दक्षिण कालीमंतन प्रांत के बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के अनुसार, यह हादसा वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के पोत के साथ हुआ। यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया (पूर्वी जावा) से बंजारमासिन (दक्षिण कालीमंतन, बोर्नियो द्वीप) की ओर जा रहा था।

जहाज के ऑपरेटर ने अधिकारियों को सूचित किया कि जावा सागर में यात्रा के दौरान अचानक समुद्र का मौसम बेहद खराब हो गया, जिसके कारण जहाज में तकनीकी खराबी आ गई और उसका संचार तंत्र पूरी तरह ठप हो गया।

तट से 148 किमी दूर मिला था आखिरी सिग्नल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जहाज का अंतिम लोकेशन बंजारमासिन के तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर जावा सागर में दर्ज किया गया था, जिसके बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बचाव जहाजों और कर्मियों की टीमों को उस क्षेत्र में रवाना किया। बंजारमासिन बचाव एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने बताया कि पूरी स्थिति पर नजर रखने और खोज अभियान को तेजी से संचालित करने के लिए त्रिशक्ति में एक विशेष ऑपरेशंस पोस्ट स्थापित किया गया है। अधिकारियों का मुख्य ध्यान समुद्र में फंसे बाकी यात्रियों तक जल्द से जल्द पहुंचकर उन्हें सुरक्षित निकालने पर है।

Also Read: Gonda News: कांवड़ यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत, हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बना पड़ाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.