मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने राहुल-प्रियंका से की मुलाकात

Sandesh Wahak Digital Desk: नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान कूटनीतिक और राजनीतिक हलचलों का दौर जारी है। सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर शिष्टाचार मुलाकात की। कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बैठक की तस्वीरें साझा कीं। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने शनिवार को ब्रिक्स के समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने सत्र में भाग लिया था, जिसके बाद उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित गाला डिनर और पौधरोपण कार्यक्रम में भी शिरकत की।

भारत-मलेशिया रणनीतिक संबंधों को मिली नई रफ्तार

ब्रिक्स सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों देशों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। वार्ता के दौरान मलेशिया ने सबाह (कोटा किनाबालू) में नया भारतीय वाणिज्य दूतावास (Consulate General) स्थापित करने पर अपनी सहमति दे दी है।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद हुए प्रगति कार्यों की समीक्षा की। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और जन-संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

कई वैश्विक नेताओं से द्विपक्षीय चर्चा

दिल्ली प्रवास के दौरान अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी के अलावा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं। पीएम मोदी ने आसियान (ASEAN) और भारत के रिश्तों को मजबूत करने में मलेशिया के सहयोग की सराहना की।

नई दिल्ली के अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री केरल के लिए रवाना होंगे, जहां उनकी मुलाकात भारत के ‘ग्रैंड मुफ्ती’ से प्रस्तावित है। अनवर इब्राहिम ने ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे केरल में सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक मामलों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा के लिए मालदीव (माले) रवाना होंगे।

Also Read: जावा सागर में लापता जहाज के 102 यात्री बचाए गए, 1 की मौत, 137 की तलाश जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.