13 दिन में धंसा 4200 करोड़ का एक्सप्रेसवे, कानपुर-लखनऊ प्रोजेक्ट पर उठे बड़े सवाल, NHAI ने दी सफाई

UP News: 13 जुलाई को बड़े दावों और हाई-प्रोफाइल उद्घाटन के साथ शुरू हुआ कानपुर-लखनऊ एलिवेटेड एक्सप्रेसवे (Kanpur-Lucknow Elevated Expressway) अब सवालों के घेरे में है। उद्घाटन के महज 13 दिन बाद लगातार बारिश के बीच उन्नाव जिले के कोरारी के पास 6-लेन एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा कई मीटर तक धंस गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ और 4200 करोड़ रुपये की इस परियोजना (4200 Crore Expressway Project) की गुणवत्ता को लेकर बहस छिड़ गई।

घटना के बाद विपक्ष ने सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पर तीखा हमला बोला, जबकि NHAI ने तत्काल मरम्मत शुरू कराते हुए इसे ‘स्लिपेज’ (Slippage) बताया है।

13 दिन में ही गुणवत्ता पर उठे सवाल

करीब 4200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 63 किलोमीटर लंबे 6-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का निर्माण PNC Construction ने किया था। सड़क धंसने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि पहली ही बारिश में सड़क का हिस्सा बैठ गया, तो परियोजना की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर धंसे हुए एक्सप्रेसवे की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार और निर्माण में लापरवाही के आरोप लगाए। विपक्ष का कहना है कि जिस परियोजना को बड़ी उपलब्धि बताकर पेश किया गया था, वह कुछ ही दिनों में सवालों के घेरे में आ गई।

NHAI ने क्या कहा?

विवाद बढ़ने के बाद NHAI ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि कानपुर से लखनऊ की ओर किमी-64 के पास सड़क में ‘स्लिपेज’ की घटना हुई है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। निर्माण एजेंसी PNC Construction की टीम भी मौके पर पहुंचकर सड़क को दुरुस्त करने में जुट गई है।

इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। 63 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के शुरू होने से कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा समय करीब 3 घंटे से घटकर 40 मिनट रह जाने का दावा किया गया था। इस एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी अनियंत्रित डबल डेकर बस, 2 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.