UP में 81,821 शिक्षक पद खाली, सिर्फ 32700 भर्ती पर AAP ने उठाए सवाल, अगस्त में निकलेगी पदयात्रा
UP News: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने दावा किया कि केंद्र की परियोजना अनुमोदन बोर्ड (PAB) की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 81,821 शिक्षक पद खाली हैं, जबकि सरकार ने केवल 32,700 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। उनका आरोप है कि इससे टीईटी (TET) और सीटीईटी (CTET) पास लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है।
दुबे ने कहा कि शिक्षक भर्ती और रोजगार के मुद्दे को लेकर पार्टी अगस्त 2026 में राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकालेगी। इस अभियान के जरिए सरकार से खाली पदों पर भर्ती और पुराने वादों का हिसाब मांगा जाएगा।
‘8 साल में नई शिक्षक भर्ती नहीं निकली’
AAP का दावा है कि 2018 से 2024 के बीच करीब 30 हजार शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन पिछले आठ वर्षों में नई शिक्षक भर्ती नहीं निकाली गई। पार्टी का कहना है कि सरकार ने पहले 1.93 लाख नियुक्तियों का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया।
दुबे ने यह भी कहा कि अगस्त 2025 में 80 हजार शिक्षकों की भर्ती का आश्वासन दिया गया था और मार्च 2026 तक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक भर्ती आगे नहीं बढ़ी।
हाईकोर्ट के आदेश का भी हवाला
AAP प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि 68,500 शिक्षक भर्ती के शेष रिक्त पद भरने को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी खाली पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
Also Read: वन नेशन, वन इलेक्शन पर कांग्रेस का विरोध तेज, JPC को सौंपा 51 पन्नों का जवाब

