Ghaziabad News: 1 लाख का इनामी बदमाश सूरज पारदी गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए घूमन्तु अपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य और 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी सूरज पारदी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र से की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
रविवार को एसटीएफ की नोएडा यूनिट को सूचना मिली कि सूरज पारदी लोनी बॉर्डर क्षेत्र में मौजूद है। इस सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को टीला शाहबाजपुर वाले रास्ते पर पाइपलाइन रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से एक धातु का सिक्का बरामद किया गया, जो एक अपराध से संबंधित है।
गिरफ्तार अभियुक्त सूरज पारदी मध्य प्रदेश के गुना जिले के ग्राम सेवड़ा का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह अपने गिरोह के साथ देशभर में घूमकर शहरों में डेरे डालता था और रात्रि के समय दुकानों और घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरोह के सदस्य चोरी के दौरान यदि कोई विरोध करता, तो उन पर हमला कर देते थे। सूरज पारदी के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्यों में संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुख्य अपराध:
गाजियाबाद: 10 जनवरी 2024 को थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में एक सर्राफा दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए गए थे। इस मामले में सूरज पारदी वांछित था, जिसके चलते उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले इस मामले में एसटीएफ ने अभियुक्त कोहिनूर (1 मई 2024) और खलूडा उर्फ बलराम (13 नवंबर 2024) को गिरफ्तार किया था।
पंजाब: जून 2024 में पंजाब के फगवाड़ा में एक सर्राफा दुकान में सेंधमारी कर चोरी की गई थी। इस मामले में पंजाब पुलिस ने सूरज पारदी समेत अन्य अपराधियों पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
मध्य प्रदेश: सूरज पारदी के खिलाफ मध्य प्रदेश में धोखाधड़ी, अवैध हथियार, चोरी और कच्ची शराब बनाने के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस की कार्रवाई:
गिरफ्तार अभियुक्त सूरज पारदी को थाना लोनी बॉर्डर गाजियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 16/24 धारा 380, 457, 411 भादवि के तहत दाखिल किया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: Amethi News: कार और तेल टैंकर के बीच भीषण टक्कर, सात महिलाओं समेत आठ लोग…

