Lucknow News: मोबाइल की किस्त न चुकाने पर युवक को बंधक बनाकर खून निकलवाने के 2 आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के निगोहाँ थाना क्षेत्र में फाइनेंस की किस्त न चुका पाने पर एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रिकवरी के नाम पर युवक का अपहरण कर उसे चार दिनों तक बंधक बनाया गया, उसका जबरन खून निकालकर बेचा गया और मजदूरी कराई गई। निगोहाँ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आपराधिक षड्यंत्र में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
निगोहाँ के ग्राम राजारामखेड़ा (पुरहिया) की रहने वाली जदुराई ने 14 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, उनके बेटे नेवल कुमार ने किस्त पर एक मोबाइल खरीदा था। किस्त जमा न होने पर 8 सितंबर को फाइनेंस कंपनी से जुड़े शुभम सिंह और उसके साथी नेवल को दुकान ले जाने के बहाने घर से उठा ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा, मारपीट की, जबरन मजदूरी कराई और उसका खून निकालकर बेच दिया। यही नहीं, आरोपियों ने ऑनलाइन माध्यम से 2,799 रुपये की किस्त भी वसूल ली।
पीड़िता की तहरीर पर निगोहाँ पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 125/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(3), 146, 127(3) व 115(2) में मामला दर्ज किया। डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के निर्देशन में गठित तीन पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 सितंबर 2026 को दो आरोपियों अनिकेत सिंह उर्फ काका (उम्र 26 वर्ष), निवासी- उदयगंज, थाना हुसैनगंज और सुशांत शर्मा (उम्र 31 वर्ष), निवासी- राजाजीपुरम, थाना तालकटोरा, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी सुशांत शर्मा ने बताया कि वह विभूतिखंड स्थित टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज लिमिटेड में रिकवरी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि कंपनी के दबाव और पेट्रोल खर्च की भरपाई के लिए उन्होंने नेवल किशोर को सबक सिखाने की साजिश रची। आरोपियों ने नेवल को गांव के बाहर से उठाया और उसे समाधान चैरिटेबल ब्लड सेंटर ले जाकर जबरन 1 यूनिट ब्लड निकलवाकर बेच दिया। इसके बाद उसे साथी शुभम के घर पर बंधक बनाकर रखा गया, जहां उससे चार दिनों तक छत का प्लास्टर तुड़वाने का काम कराया गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार सह-अभियुक्तों की तलाश जारी है।

