Bareilly News: गोकशों से पुलिस की मुठभेड़, तीन बदमाश घायल, भारी मात्रा में हथियार बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद के थाना इज्जतनगर और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने गौकशी की घटना का अनावरण करते हुए तीन गौ तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस से मुठभेड़ भी हुई, जिसमें तीन तस्कर घायल हो गए। पुलिस ने उनसे 03 तमंचे, 08 खोखे, 04 जिंदा कारतूस, गौकशी के उपकरण, 01 पिकअप, 01 ईको कार, 01 मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन और 900 रुपये बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई बरेली के शहर क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं की रोकथाम और पूर्व में घटित घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे सघन गश्त/चेकिंग अभियान के तहत की गई। एसओजी टीम और थाना इज्जतनगर के प्रभारी निरीक्षक की अगुवाई में पुलिस टीम ने 19 फरवरी, 2025 की रात को तीन आरोपी वसीम, अफसर और जावेद को गिरफ्तार किया। ये सभी थाना भोजीपुरा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अभियुक्तों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पांच अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

4-5 फरवरी 2025 को सहारा ग्राउंड में गौवंशीय पशुओं की हत्या की घटना के संबंध में थाना इज्जतनगर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि उक्त आरोपी फिर से उसी स्थान पर गौकशी करने की योजना बना रहे हैं। जब पुलिस टीम ने दबिश दी, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे गौकशी करके गौवंशीय मीट को सलीम, मामा और जुबैर को बेचते थे। इस मामले में आरोपीगण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- वसीम पुत्र पप्पू (भूडा, थाना भोजीपुरा, बरेली)
- अफसर पुत्र मुकद्दर अली (भूडा, थाना भोजीपुरा, बरेली)
- जावेद पुत्र नासिर हुसैन (भूडा, थाना भोजीपुरा, बरेली)
बरामदगी:
- 03 तमंचे (315 बोर, 303 बोर और 32 बोर)
- 04 जिंदा कारतूस (315 बोर, 32 बोर और 303 बोर)
- 08 खोखा कारतूस
- 900 रुपये नगद
- 03 मोबाइल फोन (ओप्पो ए 3 एक्स, वीवो, ओप्पो ए 27)
- गौकशी के उपकरण: कांटा, लकड़ी का गिल्टा, कुल्हाड़ी, रस्सी, छूरी
- 01 पिकअप (UP-25HT2623), 01 ईको कार (UP-25DS5584), 01 मोटरसाइकिल (UP-25AX2339)
पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: ‘मृत्यु कुंभ’ पर छिड़ा सियासी विवाद: ममता बनर्जी को अखिलेश का समर्थन, भाजपा ने की तीखी टिप्पणी

