पीएम नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर तिरंगे और बधाई संदेशों से जगमगाया बुर्ज खलीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रसिद्ध इमारत बुर्ज खलीफा पर एक भव्य लाइट शो का आयोजन किया गया। दुनिया की इस सबसे ऊंची इमारत को पीएम मोदी के चित्रों, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे और विशेष शुभकामना संदेशों जैसे “सेवा ही संकल्प है”, “75 वर्ष” तथा “इंडिया फर्स्ट, द इंस्पिरेशन” से रोशन किया गया, जिसे डाउनटाउन दुबई में मौजूद हजारों लोगों ने देखा।

दुबई के प्रमुख समाजसेवी और बू अब्दुल्ला ग्रुप के चेयरमैन डॉ. बू अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर इस शानदार आयोजन का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल जन्मदिन की बधाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत और यूएई के बीच आपसी सम्मान, रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ होते सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और पीएम मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के रिश्ते नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं।

डॉ. अब्दुल्ला के अनुसार, दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर पीएम मोदी का यह सम्मान वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव और विदेश में रहने वाले 140 करोड़ भारतीयों के गौरव को दर्शाता है।

इसी क्रम में, भारत में स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि स्लोवाकिया पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना करता है। राजदूत ने पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा की सुखद स्मृतियों को याद करते हुए भारत की सुख, शांति और समृद्धि के लिए वंदे मातरम् के साथ अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Also Read: Lucknow News: काकोरी में महिला की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे झाड़ियों में मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.