आज 3 राज्यों का दौरा करेंगे PM मोदी, भागलपुर से जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर से मध्य भारत और पूर्वोत्तर तक, एक्टिव मोड में हैं. दरअसल, पीएम मोदी लगातार दूसरे दिन मध्य प्रदेश में होंगे. अभी एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री कैंसर इंस्टीट्यूट का शिलान्यास करने बागेश्वर धाम पहुंचे थे.

PM Modi

जबकि आज यानी 24 फरवरी को पीएम ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन करने भोपाल पहुंचेंगे. भोपाल के बाद उनके बिहार के पूर्णिया और भागलपुर, फिर असम दौरे का कार्यक्रम है. पीएम मोदी तीनों राज्यों में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.

सबसे पहले भोपाल जाएंगे PM मोदी

पीएम मोदी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन करेंगे. इस समिट के दौरान फार्मा, मेडिकल डिवाइस, परिवहन, कौशल विकास, पर्यटन और एमएसएमई के साथ ही अंतरराष्ट्रीय सत्र भी होंगे. इनमें ग्लोबल साउथ के साथ ही लैटिन अमेरिका, कैरेबियन सत्र भी शामिल होंगे.

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश को निवेश के मोर्चे पर ग्लोबल हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समिट के दौरान ऑटो, टेक्सटाइल एंड फैशन और वन डिस्ट्रिक्ट- वन प्रोडक्ट को लेकर प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी.

बिहार से जारी करेंगे किसान सम्मान निधि की किस्त

पीएम मोदी मध्य प्रदेश के बाद बिहार पहुंचेंगे. पीएम मोदी पूर्णिया पहुंचेंगे जहां से हेलीकॉप्टर के जरिये उनके भागलपुर जाने का कार्यक्रम है. पीएम मोदी इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे.

किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त में 9 करोड़ 80 लाख किसानों के खाते में 22 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाने हैं, जिसमें 76 लाख लाभार्थी बिहार के हैं, जिनके खाते में 1600 करोड़ रुपये पहुंचेंगे.

पीएम मोदी लोकसभा चुनाव के बाद अपने तीसरे बिहार दौरे के दौरान राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत मोतिहारी में विकसित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इंडिजिनस ब्रीड्स का उद्घाटन भी करेंगे.

इस कार्यक्रम के लिए जो द्वार बनाए गए हैं, उनके नाम भी फल और कृषि उत्पादों के नाम पर ही रखे गए हैं. कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे.

बिहार से असम जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार से असम रवाना हो जाएंगे. दो दिन के असम दौरे के पहले दिन पीएम मोदी गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित झुमुर नृत्य के कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह आयोजन चाय बागानों के कलाकारों का है.

असम चाय के दो सौ साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में 8500 से अधिक कलाकार झुमुर नृत्य प्रस्तुत करेंगे. असम दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी एडवांटेज असम 2.0 शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे.

आपको बता दें कि इस कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ ही मेघालय और त्रिपुरा समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे.

Also Read: बागेश्वर धाम में भोजन, भजन और निरोगी जीवन… कैंसर हॉस्पिटल के शिलान्यास में बोले PM मोदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.