पति खींचता रहा स्ट्रेचर, बेटा पकड़े था खून की बोतल…झांसी मेडिकल कॉलेज की शर्मनाक तस्वीर
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और कर्मचारियों की अमानवीयता एक बार फिर उजागर हुई है। इस मेडिकल कॉलेज की एक तस्वीर सामने आई है। जिसमें एक मासूम बच्चा अपनी मां को खून चढ़ते वक्त खून की बोतल पकड़े हुए नजर आ रहा है। जबकि उसकी पति स्ट्रेचर खींचता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली 35 वर्षीय शकुंतला नायक को बीते 3 मई को गंभीर हालत में झांसी लाया गया था। आंतों में इंफेक्शन की शिकायत पर उन्हें वार्ड नंबर दो में भर्ती किया गया। परिजनों के मुताबिक 8 मई को जब डॉक्टरों ने खून चढ़ाने की सलाह दी, उसी समय महिला को एक्स-रे के लिए रेडियोलॉजी विभाग भेजा गया।

हैरान कर देने वाली बात यह रही कि अस्पताल स्टाफ का कोई सदस्य मरीज को साथ नहीं ले गया। लाचार पति ने खुद स्ट्रेचर खींचा और 9 वर्षीय बेटा सौरभ हाथ में खून की बोतल थामे साथ चलता रहा। इस नजारे को किसी ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर डाला, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह के निर्देश पर सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने तत्काल जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया कि खून चढ़ते वक्त मरीज को जांच के लिए भेजा जाना चिकित्सा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसके लिए पांच कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
इन पर हुई कार्रवाई
सिस्टर इंचार्ज सोनिया कासिफ और स्टाफ नर्स पुष्पा (नियमित) का वेतन तत्काल प्रभाव से रोका गया है, और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।आउटसोर्स स्टाफ नर्स पूजा भट्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लक्ष्मी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रोशन को निलंबित किया गया है।
सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने कहा यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। खून चढ़ाते समय मरीज को एक्सरे के लिए भेजना गंभीर लापरवाही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अस्पताल प्रशासन द्वारा कार्रवाई के बावजूद, यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत और जवाबदेही की कमी को उजागर करती है।
Also Read: यूपी में बढ़ी गर्मी की मार, 20 जिलों में लू का अलर्ट, 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है…

