वाहन चेकिंग के दौरान ब्लैक स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंदा, महिला कॉन्स्टेबल की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक ब्लैक स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया, जिसमें महिला कॉन्स्टेबल कोमल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं।

यह घटना एसके पुरी थाना क्षेत्र के अटल पथ पर उस समय हुई जब पटना पुलिस वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक काली स्कॉर्पियो ने जानबूझकर तीन पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ा दी। हादसे के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना में घायल पुलिसकर्मी

  • दीपक मणि, सब-इंस्पेक्टर (एसआई)
  • अवधेश कुमार, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई)
  • कोमल, महिला कॉन्स्टेबल (जिनकी बाद में मृत्यु हो गई)

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जबकि गाड़ी में सवार दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पटना के एसएसपी अवकाश कुमार खुद मौके पर पहुंचे और घायलों के उपचार का जायजा लिया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा जब राजधानी पटना में पुलिस सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा? ये अपराधियों का राज हो गया है। वर्दी में तैनात महिला कॉन्स्टेबल की मौत बेहद शर्मनाक है। सरकार को जवाब देना होगा।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और स्कॉर्पियो चालक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि राजधानी पटना की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। पुलिस विभाग के अधिकारी जहाँ इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं, वहीं आम जनता में भी असुरक्षा का माहौल देखने को मिल रहा है।

Also Read: UP Weather Update: यूपी में 46 डिग्री का टॉर्चर! कुछ जिलों में आज बारिश की संभावना, कई इलाकों में…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.