विपक्ष की महारैली पर सियासी घमासान, बीजेपी ने पोस्टर वार से किया पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के चलो दिल्ली मार्च और महारैली से ठीक पहले सियासत का पारा चढ़ गया है। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक नया और तीखा पोस्टर जारी कर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर करारा हमला बोला है। बीजेपी ने इस आयोजन को राजनीति चमकाने और अराजकता फैलाने का जरिया बताया है।

बीजेपी दिल्ली इकाई की ओर से शेयर किए गए इस पोस्टर में विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए इसे “ठगों का मेला” करार दिया गया है। पोस्टर पर तंज कसते हुए लिखा गया है- ‘ठगबंधन फिल्म प्रेजेंट्स – ठगों का मेला’, जिसके ‘निर्देशक’ राहुल गांधी और ‘निर्माता’ अखिलेश यादव को बताया गया है। साथ ही, इसमें विपक्ष का मुख्य उद्देश्य देश में अफवाहें और अराजकता फैलाना बताया गया है।

क्या है विपक्ष का मुख्य मुद्दा

दूसरी ओर, विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के विरोध में सड़कों पर उतरे हैं। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं का आरोप है कि जनता के वोट चुराए जा रहे हैं। इसी को लेकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ यह मार्च मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के रास्ते रामलीला मैदान तक पहुंचा। जहां एक तरफ विपक्ष इस पूरी कवायद को लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई बता रहा है, वहीं बीजेपी इसे केवल राजनीतिक जमीन बचाने और भ्रम फैलाने का षड्यंत्र करार दे रही है।

Also Read: पीएम मोदी के नेतृत्व में लौटा अयोध्या का प्राचीन वैभव: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.