उज्जैन के होटल में टैंक सफाई के दौरान दम घुटने से 4 कर्मचारियों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन स्थित मशहूर होटल श्रीगंगा में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। वेस्टेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से 4 कर्मचारियों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। राहत और बचाव कार्य के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। मृतकों में दो होटल के स्थाई कर्मचारी और दो निजी सफाईकर्मी शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एसपी प्रशासनिक अमले के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टैंक काफी संकरा और गहरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आखिर में एडिशनल चैंबर के टीन शेड को कटर से काटकर लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका।
हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के बिना और बिना चैंबर की गहराई की जानकारी दिए काम पर उतारा गया था। ओवरटाइम पर आए कर्मचारियों को बिना सुरक्षा मानकों के कचरा निकालने के लिए मजबूर किया गया। गुस्साए परिजनों ने होटल संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
महापौर ने दिए जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश
घटना के बाद उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। महापौर ने कहा कि नगर निगम को बिना सूचना दिए और सुरक्षा प्रोटोकॉल को ताक पर रखकर इस तरह अनाधिकृत सफाई कराना बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि बिना सुरक्षा के सफाई कराने वाले दोषी होटल संचालक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: विपक्ष की महारैली पर सियासी घमासान, बीजेपी ने पोस्टर वार से किया पलटवार

