Bareilly: पत्नी की हत्या करने वाला पति 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए हथियार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के भमोरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना 14 जून की रात करीब 10:30 बजे की है। ग्राम दलीपुर निवासी मुकेश कुमार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसके ही गांव के कुंवरसेन उर्फ रिषिया, पुत्र भीकम सिंह ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी की हत्या कर दी है।

सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही, सीओ आँवला और फील्ड यूनिट बरेली की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस ने मृतका के रिश्तेदार मुकेश कुमार की तहरीर पर धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

आरोपी ने खुद कबूला गुनाह

15 जून को पुलिस ने आरोपी कुंवरसेन उर्फ रिषिया को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि वह लुधियाना में मजदूरी करता था, वहीं पर उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली पुष्पा देवी से हुई थी। तीन महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी।

आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के साथ दोबारा काम के लिए बाहर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन 14 जून को गांव में शराब पीने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उसने पत्नी के “चरित्र पर शक” जताते हुए यह भी कहा कि उसका आचरण उसे पसंद नहीं था। गुस्से में आकर उसने घर में रखे चाकू, बेल्ट, आलू छीलने वाले औज़ार और अन्य सामान से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के घर से हत्या में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है:

  • आला कत्ल: चाकू
  • आलू छीलने वाला औजार
  • ब्लेड रहित रेजर
  • एक ब्रश
  • एक काली बेल्ट
  • अन्य घरेलू सामान

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि केस को मजबूत बनाने के लिए सभी साक्ष्य एकत्र किए जा चुके हैं और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Also Read: Siddharthnagar: शादी टूटने से खफा सनकी आशिक ने घर में सो रही प्रेमिका पर किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.