Kaushambi News: डबल मर्डर मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 8 लाख के जेवर और हथियार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: कौशांबी में तीन दिन पहले हुए डबल मर्डर केस का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। बुधवार (आज) सुबह तड़के हुई एक पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने 8 लाख रुपये के जेवर, एक बाइक और तमंचा भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि चरवा थाना क्षेत्र के गौहानी गांव की निवासी गुड़िया देवी (45) और गोरेलाल (42) की तीन दिन पहले हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुड़िया देवी अपने पति को छोड़कर मायके में रह रही थीं और उनका गोरेलाल के साथ प्रेम संबंध था। बताया जाता है कि गोरेलाल की पत्नी भी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर चरवा थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

कैसे पकड़ में आया आरोपी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और इसी दौरान वीरेंद्र और शिव बाबू नाम के दो संदिग्धों का नाम सामने आया।

आज सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वीरेंद्र चरवा थाना क्षेत्र के काजू मुर्गी फार्म के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख वीरेंद्र ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वीरेंद्र के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। घायल वीरेंद्र को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दूसरे आरोपी शिव बाबू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Also Read: भरोसे और बैलेंस के बीच होगा फैसला, यूपी को जल्द मिलेगा नया मुख्य सचिव!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.