यूपी में 15 वरिष्ठ IAS अफसरों के तबादले, झांसी के मंडलायुक्त भी बदले, जारी हुई पूरी लिस्ट

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासन और पुलिस विभाग में फेरबदल का सिलसिला जारी है। एक दिन पहले PCS अधिकारियों के तबादले के बाद शनिवार को सरकार ने 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। इनमें अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ प्रमुख सचिव, सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

शासन की ओर से तबादलों की सूची जारी कर दी गई है। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देने के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। झांसी के मंडलायुक्त को भी बदल दिया गया है। लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल से सरकारी विभागों में हलचल है।

अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त की जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक, मुख्य सचिव शशि प्रकाश को अपर मुख्य सचिव, नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। उन्हें अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल, मिशन निदेशक ग्रामीण पेयजल मिशन और परियोजना निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, एनआरआई और अध्यक्ष पिकअप का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

प्रमुख सचिव एम. देवराज को अध्यक्ष, राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण-1 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रमुख सचिव एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव समन्वय और परियोजना निदेशक, यूपीडा की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

प्रमुख सचिव आलोक कुमार को वित्त, संस्थागत वित्त और बाह्य सहायतित परियोजना से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख सचिव अजय चौहान को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा बनाया गया है। वहीं, प्रमुख सचिव पंधारी यादव को प्रमुख सचिव बाह्य सहायतित परियोजना के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

योगेश कुमार और अमित कुमार सिंह की जिम्मेदारियां बदलीं

प्रबंध निदेशक, जल निगम ग्रामीण रहे योगेश कुमार को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ बनाया गया है। वहीं, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक रहे अमित कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन रहे कृष्ण कुमार को झांसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन रहे चंद्रशेखर को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें प्रशासक, ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सचिव भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग बनाया गया है। प्रतीक्षारत देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार के पद पर तैनाती दी गई है।

वहीं, विशेष सचिव समाज कल्याण और सचिव रहे प्रवीण मिश्रा को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम बनाया गया है। उन्हें निदेशक, जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.