पीएम मोदी ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर दी पुष्पांजलि, 400 करोड़ की सौगात
Sandesh Wahak Digital Desk: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया स्थित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की। अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे पीएम मोदी ने देश की अखंडता के शिल्पकार को नमन किया। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
केवड़िया को 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री ने एकता नगर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाली 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
पीएम मोदी ने अधिकारियों के साथ नवनिर्मित ‘रेन फॉरेस्ट’ परियोजना का विस्तृत निरीक्षण कर इसकी तकनीकी और पर्यावरणीय विशेषताओं की जानकारी भी ली।
विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा हैं सरदार पटेल: पीएम मोदी
इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर देशवासियों को संदेश देते हुए लिखा, अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में केवड़िया में आयोजित ‘भारत पर्व’ की वीडियो झलकियां साझा कीं। उन्होंने देश की विविध परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर की सराहना करते हुए कहा कि एकता नगर में शुरू हुआ यह आयोजन हमारी राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और जीवंतता का शानदार उत्सव है।

