Bareilly News: भोजीपुरा में 2 लाख की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक घायल बदमाश समेत तीन गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बैंक से नकदी निकालकर जा रहे युवक से हुई 2 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने चंद घंटों में ही पर्दाफाश कर दिया है। शुक्रवार को हुई इस वारदात के बाद शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मनहेरा पुलिया के पास मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में वादी का दोस्त ही मुख्य साजिशकर्ता निकला है।
क्या था पूरा मामला और कैसे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश पुत्र खादिम अली ने भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर बैग में रख कर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। रास्ते में अलीनगर के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया, गिराकर बैग लूट लिया और लाडपुर की तरफ फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने तुरंत एफआईआर संख्या 901/2026, धारा 61(2)/309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
31 अक्टूबर 2026 को जब पुलिस टीम वांछित बदमाशों की तलाश कर रही थी, तभी मनहेरा पुलिया के पास तीन संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस टीम को देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश एहसान अली के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एहसान समेत तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। इस दौरान फायरिंग में आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ लगने से हल्की चोट आई है। घायल बदमाश और आरक्षी को तुरंत सीएचसी भोजीपुरा इलाज के लिए भेजा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूट की पूरी रकम यानी 2 लाख रुपये सकुशल बरामद कर लिए हैं। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है।
एहसान अली (घायल अभियुक्त): इसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और लूट के 1 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
विनीत गंगवार और मोनिश अली: दोनों के पास से 50-50 हजार रुपये नकद और मोबाइल बरामद किए गए।
घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस तरह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटी गई 100% धनराशि बरामद कर ली है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

