Lucknow News: चुनावी पोस्टरवार से राजधानी में चढ़ा सियासी पारा, बीजेपी के पोस्टर पर सपा ने कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर चुनावी पोस्टरों की जंग शुरू हो गई है। इस बार निशाने पर हैं सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जिन्हें लेकर भाजपा और सपा के बीच पोस्टर वॉर तेज़ हो गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और दीवारों पर लगे इन पोस्टरों ने सियासी गर्मी को और बढ़ा दिया है।

भाजपा की ओर से लगाए गए एक पोस्टर में लिखा गया “चश्मा हटाइए अखिलेश जी, टोपी मत पहनाइए।”
इस पोस्टर के जरिए भाजपा ने अखिलेश यादव की राजनीतिक शैली और उनकी नीतियों पर कटाक्ष किया है।
सपा का पलटवार, पोस्टर में दिखा तीखा संदेश
इस तंज का समाजवादी पार्टी ने भी जोरदार जवाब दिया। सपा नेता मोहम्मद इखलाक की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नया पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा गया कि
“टोपी से तंज, चश्मे पे सवाल,
काम पर बहस करो, छोड़ो गुमराह करने की चाल।”
“जिसने थमाई किताब, दिया बच्चों को लैपटॉप,
वो टोपी वाला ही देगा तुम्हें 2027 में शॉक।”
इस पोस्टर के ज़रिए सपा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए विकास और शिक्षा के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, और अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों की याद दिलाई।
चुनाव से पहले गरमा रही फिज़ा
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर यूपी की राजनीति में हलचल शुरू हो चुकी है। राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वार की यह शुरुआत बताती है कि आने वाले दिन काफी गर्म रहने वाले हैं। चुनावी बयानबाज़ी और ज़ुबानी जंग के बीच अब दीवारें भी बोलने लगी हैं कभी तंज में, तो कभी जवाब में।

