बनारस रेल इंजन कारखाने ने रचा इतिहास, 2500वां इलेक्ट्रिक इंजन राष्ट्र को समर्पित
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय रेलवे के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा, जब बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। BLW ने अपना 2,500वां इलेक्ट्रिक रेल इंजन राष्ट्र को समर्पित कर दिया है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में डब्ल्यूएपी-7 (WAP-7) श्रेणी के 6,000 एचपी इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह समारोह भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते सफर में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ है।
मात्र 8 साल में 2500 इलेक्ट्रिक इंजन बनाकर बनाया रिकॉर्ड
अत्याधुनिक तकनीक और पूरी तरह स्वदेशी नवाचार से निर्मित यह 2,500वां इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव BLW की तेज़ी से काम करने की क्षमता को दर्शाता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस कारखाने ने मात्र आठ वर्षों के भीतर यह उपलब्धि हासिल की है, जिसे भारतीय रेलवे के विनिर्माण इतिहास में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के साथ BLW के सशक्त कार्यबल भी मौजूद थे, जिसमें फिटर अनीता देवी और सहायक श्रुति श्रीवास्तव जैसी महिला कर्मचारी भी शामिल थीं। यह उनकी प्रमुख इंजीनियरिंग भूमिकाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है।अधिकारियों ने BLW की प्रगति के बारे में जानकारी साझा की, जिसमें लोकोमोटिव उत्पादन, निर्यात और चल रही विकास परियोजनाओं में कारखाने की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।

