संजीव गोयनका ने खरीदी नई टीम, 935 करोड़ में पक्की हुई डील, अब इंग्लैंड में बजेगा LSG का डंका
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने क्रिकेट जगत में एक और बड़ी छलांग लगाई है।
ग्रुप ने इंग्लैंड की ‘द हंड्रेड’ लीग की फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। इस हाई-प्रोफाइल डील की कीमत करीब ₹935 करोड़ बताई जा रही है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील पर ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर चल रहे टेस्ट मैच के पहले सेशन के दौरान हस्ताक्षर किए गए।
डील पहले ही हफ्ते की शुरुआत में फाइनल हो चुकी थी, लेकिन RPSG ग्रुप ने आधिकारिक हस्ताक्षर के लिए गुरुवार का दिन चुना।
सूत्रों के अनुसार, टीम को अब एक नया नाम दिया जाएगा — “मैनचेस्टर सुपर जायंट्स”, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के ब्रांड का विस्तार होगा।

इंग्लैंड में मजबूत होती भारत की पकड़
‘द ऑब्जर्वर’ की रिपोर्ट के अनुसार, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के अलावा ‘द हंड्रेड’ की सात फ्रेंचाइजी में से पांच या तो डील साइन कर चुकी हैं या अंतिम चरण में हैं।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को इन हिस्सेदारी सौदों से कुल करीब ₹6,073 करोड़ की आमदनी होने का अनुमान है।
-
GMR ग्रुप (दिल्ली कैपिटल्स के मालिक) ने ₹1,144 करोड़ में साउथर्न ब्रेव की 100% हिस्सेदारी खरीदी है।
-
नाइटहेड कैपिटल ने ₹467 करोड़ में बर्मिंघम फीनिक्स की 49% हिस्सेदारी ली है।
-
लंदन स्पिरिट, नॉर्थर्न सुपरचार्जर्स और वेल्श फायर की डील्स इस सप्ताह के अंत तक फाइनल हो सकती हैं।
अंबानी बनाम बोहली: हाई-प्रोफाइल टक्कर
दूसरी ओर, ओवल इन्विंसिबल्स और ट्रेंट रॉकेट्स को लेकर मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप और चेल्सी फुटबॉल क्लब के मालिक टॉड बोहली के बीच टक्कर चल रही है।
माना जा रहा है कि इन फ्रेंचाइजी की डीलें शायद ‘द हंड्रेड’ सीजन 2025 की शुरुआत (5 अगस्त) से पहले पूरी न हो पाए।
क्या है ‘द हंड्रेड’?
‘द हंड्रेड’ इंग्लैंड की एक इनोवेटिव क्रिकेट लीग है, जिसमें हर टीम 100 गेंदों का मुकाबला खेलती है। यह टूर्नामेंट इंग्लैंड में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।

