Delhi News: लालू यादव की तबीयत का हाल जानने पहुंचीं सोनिया गांधी, सियासी हलकों में चर्चा तेज
Delhi News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज दिल्ली में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की।
वह लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि लालू यादव की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं है। मीसा भारती के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद लालू प्रसाद यादव को पहले पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया था।
यहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और कुछ समय तक निगरानी में रखा। हालत स्थिर होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
इसके बाद आगे के इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह के लिए उन्हें दिल्ली लाया गया। फिलहाल दिल्ली स्थित एम्स में उनका इलाज चल रहा है।

उनकी बेटी मीसा भारती ने पहले भी जानकारी दी थी कि लालू यादव की तबीयत स्थिर है और उनका इलाज जारी रहेगा।
पिता की तबीयत पूछकर भावुक हो गए थे तेज प्रताप
लालू यादव की सेहत को लेकर परिवार के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चिंता बनी हुई है। इसी बीच उनका एक पुराना वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें बेटे तेज प्रताप यादव अपने पिता की तबीयत को लेकर चिंतित नजर आए थे।
यह वीडियो रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ का बताया जा रहा है। शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने तेज प्रताप यादव की उनके माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से वीडियो कॉल पर बात कराई थी। स्क्रीन पर माता-पिता को देखते ही तेज प्रताप भावुक हो गए थे।
Also Read: PM मोदी की मां से जुड़े AI वीडियो पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, बिहार कांग्रेस को भेजा नोटिस

