Lucknow News: डॉ. कलाम की पुण्यतिथि पर आयोजित प्रदर्शनी का राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने किया अवलोकन

Lucknow News: पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को पूरे उत्तर प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में विभिन्न कार्यक्रमों और विज्ञान प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में, राजधानी लखनऊ स्थित मदरसा दारुल उलूम वारसिया में एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

इस प्रेरणादायक आयोजन का अवलोकन माननीय अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने किया। उन्होंने छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए विज्ञान मॉडलों और उनके नवाचारों की जमकर सराहना की।

डॉ. कलाम युवाओं के लिए एक आदर्श व्यक्तित्व

राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने इस अवसर पर कहा, इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को डॉ. कलाम साहब के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, उनके प्रेरणादायक विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से जोड़ने का प्रयास किया गया है। डॉ. कलाम न केवल एक महान वैज्ञानिक थे, बल्कि युवाओं के लिए एक आदर्श व्यक्तित्व भी हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली, प्रदेश मंत्री नेहा खान, और मोहम्मद आरिफ अहमद (मोनू) सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

डॉ. कलाम की स्मृति में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्रों ने विज्ञान, तकनीक और रचनात्मकता से जुड़ी अपनी प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने बेहद सराहा। यह आयोजन डॉ. कलाम के शिक्षा और विज्ञान के प्रति समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि थी, जिसने युवा पीढ़ी को भी उनसे प्रेरणा लेने का अवसर दिया।

Also Read: Shahjahanpur news: युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में महिलाओं और युवाओं को मिली अहम भागीदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.