लद्दाख के गलवान में हादसा, सैन्य वाहन पर गिरा बोल्डर, 2 अधिकारी शहीद

Sandesh Wahak Digital Desk: लद्दाख के गलवान घाटी के चारबाग इलाके से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बुधवार सुबह सेना के एक वाहन पर अचानक एक विशाल बोल्डर (पत्थर) गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में भारतीय सेना के दो बहादुर अधिकारी शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुँचाया गया है।

यह हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उस वक्त हुआ जब जवानों का एक काफिला दुरबुक से चोंगटास प्रशिक्षण यात्रा पर था। सैन्य वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया और उस पर बड़ा पत्थर गिर पड़ा।

शहीद और घायलों की जानकारी

इस दर्दनाक घटना में 14 सिंध हॉर्स रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल मनकोटिया और लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह शहीद हो गए। वहीं, इस हादसे में मेजर मयंक शुभम (14 सिंध हॉर्स), मेजर अमित दीक्षित और कैप्टन गौरव (60 आर्म्ड) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल जवानों को तत्काल 153 जीएच (जनरल हॉस्पिटल), लेह ले जाया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

सेना ने जारी किया बयान

इस हादसे को लेकर भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को लगभग 11:30 बजे लद्दाख में एक सैन्य काफिले के वाहन पर चट्टान से एक बड़ा पत्थर गिर गया। सेना ने यह भी स्पष्ट किया है कि घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है।

लद्दाख जैसे पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में भूस्खलन का खतरा हमेशा बना रहता है, खासकर खराब मौसम या चट्टानों के अस्थिर होने की स्थिति में। यह घटना एक बार फिर उन चुनौतियों को उजागर करती है जिनका सामना हमारे सैनिक देश की सेवा करते हुए करते हैं।

Also Read: Hate Speech Case: अब्बास अंसारी की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.