Barabanki News: क्षत-विक्षत हालत में मिला महिला सिपाही का शव, हत्या की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बिंदौरा गांव के पास एक खेत में महिला सिपाही का क्षत-विक्षत शव मिला। खेत के पास शव देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान सुबेहा थाने में तैनात सिपाही विमलेश पाल के रूप में हुई है।

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और हरदोई में तैनात सिपाही इंद्रेश मौर्य पर शक की सुई घूम रही है। पुलिस ने जांच तेज़ कर दी है और कई अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं।

ड्यूटी पर नहीं पहुंची सिपाही, खेत में मिला शव

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सिपाही विमलेश पाल की ड्यूटी बुधवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर के गर्भगृह में थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचीं। इसी बीच सुबह तालाब के पास खेत में उनका शव पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक स्कूटी बरामद हुई, जो हरदोई में तैनात सिपाही इंद्रेश मौर्य के नाम पर पंजीकृत है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से ठीक पहले विमलेश की इंद्रेश मौर्य से बातचीत हुई थी।

पिछले साल दर्ज कराया था रेप का केस, फिर हुआ था समझौता

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में विमलेश पाल ने इंद्रेश मौर्य के खिलाफ कोतवाली नगर में बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था। इसके कुछ समय बाद इंद्रेश का तबादला हरदोई कर दिया गया था। अब, इंद्रेश मौर्य 27 जुलाई से छुट्टी पर हैं, और इसी बीच विमलेश की हत्या का मामला सामने आना पुलिस के लिए एक गंभीर संकेत है। पुलिस अब इस एंगल को भी गहराई से खंगाल रही है।

पुलिस की कार्रवाई तेज, पूरे इलाके को किया गया सील

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एएसपी, सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया और किसी को भी घटनास्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई यहां तक कि मीडिया को भी दूर रखा गया। आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने भी मौके का मुआयना किया और अधिकारियों को हर पहलू की बारीकी से जांच के निर्देश दिए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

इलाके में दहशत, पुलिस जुटा रही है सबूत

इस दर्दनाक वारदात के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और लोग इस हत्या को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।फिलहाल, पुलिस डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस केस में बड़ा खुलासा हो सकता है।

 

Also Read: UP News: हाईकोर्ट से होम्योपैथी निदेशक डॉ. ए.के. वर्मा को बड़ी राहत, निलंबन पर लगी रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.