Lucknow News: चकबंदी संघ के प्रदेश अध्यक्ष की गोली लगने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के शहीद पथ पर बने एक कमरे में बुधवार शाम उत्तर प्रदेश चकबंदी निदेशालय मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष और चकबंदी मुख्यालय में तैनात बाबू, 52 वर्षीय राजकुमार सिंह का शव मिला। उनके सिर में गोली का घाव था और दाहिने हाथ में रिवॉल्वर पड़ी थी। पुलिस इसे शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला बता रही है, जबकि परिजन इसे हत्या मान रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
राजकुमार सिंह सुबह करीब 10 बजे अपने ड्राइवर के साथ घर से निकले थे। पहले वे अपने एक दोस्त के फ्लैट पर गए और फिर शहीद पथ स्थित अपने प्लॉट पर पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर को कार में ही रुकने के लिए कहा और खुद अंदर चले गए। जब देर शाम तक वे बाहर नहीं आए और कॉल का भी जवाब नहीं दिया, तो ड्राइवर अंदर गया और देखा कि वे खून से लथपथ पड़े थे।
पुलिस और परिजनों का बयान
सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने जांच कर रिवॉल्वर जब्त कर ली। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि राजकुमार सिंह के पास कोई लाइसेंसी हथियार नहीं था और न ही उनके आत्महत्या करने का कोई कारण था।
राजनीतिक कनेक्शन
राजकुमार सिंह पूर्व सांसद धनंजय सिंह के बेहद करीबी माने जाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही धनंजय सिंह और पूर्व राज्यमंत्री राणा अजीत सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Also Read: लखनऊ में ASP की पत्नी ने पंखे से लटककर की खुदकुशी, CB-CID में तैनात है…

