यूपी के नए मुख्य सचिव का आज होगा फैसला, मनोज कुमार सिंह के सेवा विस्तार पर सस्पेंस बरकरार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई को पूरा हो रहा है। अब सबकी नजर इस पर है कि प्रदेश का नया मुख्य सचिव कौन होगा। क्या मनोज कुमार सिंह को एक साल का सेवा विस्तार मिलेगा या फिर कोई नया चेहरा जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला आज साफ हो जाएगा।

बुधवार को दिनभर इसी मुद्दे पर राजनीतिक गलियारों और नौकरशाही में चर्चाओं का दौर चलता रहा। राज्य सरकार ने केंद्र को जुलाई के पहले हफ्ते में ही पत्र भेजकर मनोज कुमार सिंह को एक साल का सेवा विस्तार देने की सिफारिश की थी। गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय और दुर्गा शंकर मिश्र को कार्यकाल पूरा होने के बाद विस्तार मिल चुका है। मनोज कुमार सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी अफसरों में गिने जाते हैं, इसलिए उनके विस्तार की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।

हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक पत्र नहीं आया है। आमतौर पर ऐसे निर्णय का पत्र अंतिम दिन ही जारी होता है, इसलिए गुरुवार को ब्यूरोक्रेसी और राजनीतिक गलियारों में बेसब्री से इंतजार रहेगा।

अगर केंद्र से सेवा विस्तार की मंजूरी नहीं मिलती है तो तीन वरिष्ठ आईएएस अफसरों मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल, केंद्र में तैनात देवेश चतुर्वेदी और वित्त एवं कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार के नाम पर विचार किया जा सकता है।

 

Also Read: Lucknow News: चकबंदी संघ के प्रदेश अध्यक्ष की गोली लगने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.