UP News: परिषदीय स्कूलों में तैनात होंगे जिला समन्वयक, जानिए कितना मिलेगा वेतन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों को ‘निपुण’ बनाने के अभियान को और तेज करने के लिए प्रदेश सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। अब हर जिले में संविदा पर जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) की नियुक्ति की जाएगी। इन पदों पर 21 से 45 वर्ष आयु के योग्य उम्मीदवारों को मौका मिलेगा और उन्हें ₹40,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
प्रदेश में अभी तक 48,061 विद्यालयों को ‘निपुण’ घोषित किया जा चुका है, जबकि कुल 1.33 लाख विद्यालयों को इस लक्ष्य तक पहुंचाना है। केंद्र सरकार के नए संशोधित लक्ष्य के अनुसार अब कक्षा 1 और 2 के बच्चों को निपुण बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री निपुण भारत एसोसिएट्स के अंतर्गत अस्थाई रूप से जिला समन्वयकों की तैनाती होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के उप सचिव आनंद कुमार सिंह ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षिक योग्यता एमबीए (60% अंक) या पीजीडीएम में मास्टर डिग्री निर्धारित की गई है। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा और कम से कम दो साल का कार्य अनुभव अनिवार्य होगा। बीएड और एमएड डिग्री धारकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन करेगी और उनकी दक्षता जांचेगी। अंतिम चयन जेम पोर्टल के माध्यम से शासनादेश के अनुसार किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से निपुण भारत मिशन को गति मिलेगी और अधिक से अधिक विद्यालयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।
Also Read: Lucknow News: चकबंदी संघ के प्रदेश अध्यक्ष की गोली लगने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

