एसबीआई में 100 करोड़ रुपये का घोटाला करने वाला क्लर्क मथुरा से गिरफ्तार, 9वीं मंजिल से कूदने की दी धमकी

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के फरीदकोट जिले के सादिक स्थित एसबीआई शाखा में करीब 100 करोड़ रुपये की वित्तीय हेराफेरी के आरोपी क्लर्क को पंजाब पुलिस ने बुधवार को मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र की राधा वैली कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दे दी, जिसके चलते करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। अंततः अग्निशमन दल और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को सुरक्षित पकड़ा गया।

सादिक थाने के प्रभारी नवदीप सिंह के अनुसार, बैंक ग्राहकों ने कृषि ऋण और फिक्स्ड डिपॉजिट खातों में अनियमित लेनदेन की शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि 130 ग्राहकों के खातों से अनधिकृत रूप से करीब 100 करोड़ रुपये निकाले गए। शाखा के उप प्रबंधक शशांक शेखर अरोड़ा की जांच में यह खुलासा हुआ कि इस फर्जीवाड़े के पीछे बैंक क्लर्क अमित ढींगरा का हाथ है।

10 लाख के गबन का दर्ज हुआ था केस

21 जुलाई को उप प्रबंधक ने अमित के खिलाफ प्रारंभिक रूप से 10 लाख रुपये के गबन का केस दर्ज कराया था, हालांकि, संदेह है कि कुल रकम करीब 100 करोड़ रुपये तक हो सकती है। FIR दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया और मथुरा के राधा वैली कॉलोनी में एक फ्लैट किराए पर लेकर छिप गया।

बुधवार सुबह जब पंजाब पुलिस वहां पहुंची, तो अमित ने नौवीं मंजिल से कूदने की धमकी दे दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल और स्थानीय पुलिस की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे काबू किया गया।

सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि पंजाब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। जांच में पाया गया है कि आरोपी और उसके साथियों ने बैंक खातों से बड़ी रकम की हेराफेरी की है। प्रारंभिक जांच में तीन खातों से 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी उजागर हुई है, जबकि बाकी खातों में भी बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े के सबूत मिले हैं।

 

Also Read: Lucknow News: चकबंदी संघ के प्रदेश अध्यक्ष की गोली लगने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.