कांग्रेस सांसद के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात 24 घंटे में सुलझी,स्नैचर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के एक पॉश इलाके में कांग्रेस सांसद आर. सुधा के साथ हुई चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात को दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर इस हाई-प्रोफाइल केस का खुलासा किया गया है।

स्नैचर 27 जून को ही जेल से रिहा हुआ था

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय सोहन रावत उर्फ सोनू उर्फ बुग्गू के रूप में हुई है, जो ओखला के हरकेश नगर इलाके का निवासी है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 26 मामले दर्ज हैं। हैरानी की बात यह है कि वह हाल ही में, 27 जून को ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आते ही उसने एक बार फिर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया।

पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड टीम ने पकड़ा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के भागने के पूरे रास्ते को ट्रैक किया। स्थानीय खुफिया इनपुट और तकनीकी निगरानी की मदद से दक्षिणी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस को सोने की चेन के अलावा अन्य समान मिले

इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर नवदीप, हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, बृजेश, अरविंद, कृष्ण कुमार और कांस्टेबल काना राम, देवेंद्र और अरविंद की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से सांसद की 30.90 ग्राम सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, चार संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन, निजामुद्दीन से चोरी हुई एक अन्य स्कूटी, वारदात के समय पहने गए कपड़े, हेलमेट और चप्पल भी बरामद किए हैं।

आरोपी से पूछताछ शुरू

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हाल की अन्य स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल था या नहीं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास देखकर पुलिस को संदेह है कि उसने हाल के दिनों में और भी कई घटनाओं को अंजाम दिया होगा। इस हाई-प्रोफाइल मामले को इतनी तेजी से सुलझाने पर दक्षिणी जिला पुलिस और AATS टीम की तकनीकी दक्षता और समर्पण की सराहना हो रही है। पुलिस की इस सक्रियता से आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

Also Read: बरनाला के मंदिर में दर्दनाक हादसा, लंगर बनाते समय 15 लोग झुलसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.