Firozabad News: पारिवारिक विवाद में दो नाबालिग चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर रेलवे स्टेशन यार्ड के पास मंगलवार को एक हृदय विदारक घटना हुई। गांव जेबड़ा निवासी 15 वर्षीय रश्मि पुत्री सील कुमार और 14 वर्षीय मुस्कान पुत्री स्वामी, जो आपस में चचेरी बहनें थीं, ने कथित रूप से पारिवारिक विवाद के चलते नेताजी एक्सप्रेस के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे
मंगलवार को दोनों किशोरियां घर से बिना बताए निकली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मक्खनपुर रेलवे यार्ड पर पहुंचकर उन्होंने अचानक आती हुई ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन चालक ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी शिकोहाबाद प्रभारी हरीश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मक्खनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों किशोरियों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, लेकिन उन्होंने आत्महत्या की है या कोई और वजह रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों ने ट्रेन को आते देख खुद ही पटरियों पर छलांग लगाई। वहीं, जीआरपी प्रभारी हरीश कुमार ने कहा कि “दोनों किशोरियों के ट्रेन से कटने की जानकारी मिली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।” इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। परिजनों की हालत खराब है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।
Also Read: यूपी विधानसभा में ‘हर घर जल’ पर हंगामा, योगी के मंत्री ने सपा MLA से कहा- बीवी की कसम खाकर बोलो

