Lucknow Metro के विस्तार को मिली हरी झंडी, 5801 करोड़ रुपये से बनेगा 11 KM का नया कॉरिडोर
Lucknow News: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के फेस-1बी को मंगलवार को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 5801 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह कॉरिडोर 11.165 किलोमीटर लंबा होगा। इस फैसले की जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पुराने लखनऊ के इलाकों को जोड़ेगा नया कॉरिडोर
यह नया कॉरिडोर लखनऊ के पुराने और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को जोड़ेगा, जहां अभी तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है। इसमें अमीनाबाद, यहियागंज, पांडेयगंज और चौक जैसे प्रमुख व्यावसायिक और ऐतिहासिक केंद्र शामिल होंगे। कुल 12 स्टेशनों वाले इस कॉरिडोर में सात भूमिगत (underground) और पांच एलिवेटेड (elevated) स्टेशन होंगे।
इस कॉरिडोर से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) और पर्यटन स्थलों जैसे बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और रूमी दरवाज़ा तक पहुंच आसान हो जाएगी।
सीएम योगी और राजनाथ सिंह ने PM मोदी का जताया आभार
केंद्र के इस फैसले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह परियोजना न सिर्फ राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार भी व्यक्त किया। फेस-1बी के चालू होने के बाद, लखनऊ शहर में कुल 34 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क संचालित होगा, जो शहर के विकास और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगा।
Also Read: Firozabad News: पारिवारिक विवाद में दो नाबालिग चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

