बरेली में फर्जी स्टांप और थंब प्रिंट क्लोन बनाने वाला शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में उपकरण बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली कोतवाली पुलिस ने आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट के सहयोग से एक ऐसे शातिर को दबोचा है जो सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के नाम पर फर्जी स्टांप, मोहर और थंब प्रिंट क्लोन तैयार कर बाजार में बेचता था। आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज़, उपकरण और मशीनें बरामद हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त की रात गश्त के दौरान पुलिस को आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट से सूचना मिली कि एक व्यक्ति इंद्रा मार्केट से होकर फर्जी रबर स्टांप बेचने जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध अमानुद्दीन (30), निवासी नैनीताल रोड, बड़ा पुल, बरेली को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास 34 गैर-सरकारी और 10 सरकारी संस्थानों, जैसे आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस बरेली, कैंट बोर्ड बरेली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतम बुद्ध नगर आदि की फर्जी मोहरें बरामद हुईं।

ये चीजें हुए बरामद

पुलिस ने उसके घर की तलाशी में 18 अर्द्ध-निर्मित मोहरें, 230 प्रिंटआउट, 173 फिंगरप्रिंट पर्चे, 14 रबर थंब प्रिंट क्लोन, 89 अर्द्ध-निर्मित रबर स्टांप, 1 लैपटॉप, 1 प्रिंटर, 1 हार्ड ड्राइव, 2 स्टांप बनाने की मशीन और अन्य सामग्री जब्त की। आरोपी के पास इस काम का कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था।

पूछताछ में अमानुद्दीन ने कबूल किया कि उसने लालच में आकर यह गलत काम शुरू किया। वह सरकारी और निजी संस्थानों के लिए असली स्टांप तैयार करने के बहाने, उनके नाम से नकली मोहरें बनाकर बेचता था। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस टीम के साथ जनपदीय स्वाट टीम-2, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, शिवम, गौरव अत्री, कांस्टेबल अश्विनी कुमार और अखिलेश कुमार शामिल रहे।

Also Read: Kanpur News: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर लाखों अनाम पीड़ितों को श्रद्धांजलि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.