Lucknow News: अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी का पहला दीक्षांत समारोह, डिप्टी सीएम ने नए मेडिकल कॉलेज की घोषणा की
Lucknow News: लखनऊ में गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी का पहला दीक्षांत समारोह धूमधाम से आयोजित हुआ। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रदेश भर से एमबीबीएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
सुबह 10:40 बजे यूनिवर्सिटी परिसर स्थित प्रेक्षागृह में शुरू हुए समारोह में कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल ने 70 से अधिक मेधावी छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से आगे
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगा चुका है। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के अस्पतालों में आधुनिक तकनीक से इलाज उपलब्ध है और रोबोटिक सर्जरी भी शुरू की जा चुकी है।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने छात्रों को बधाई देते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एक नया मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा, जहां पढ़ाई के साथ मरीजों का इलाज भी होगा।
डिजिटल लाइब्रेरी से दुनिया की यूनिवर्सिटी से होगा जुड़ाव
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि यूनिवर्सिटी में जल्द ही डिजिटल सेंट्रल लाइब्रेरी बनाई जाएगी, जो दुनिया की नामचीन मेडिकल यूनिवर्सिटी से जुड़ी होगी। इससे छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र, किताबें और रिसर्च आसानी से उपलब्ध होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल शिक्षा में बेटियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और कई क्षेत्रों में बेटों को पछाड़ चुकी हैं। उनके आगे आने से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा समाज गौरवान्वित होता है। इस मौके पर कुलपति डॉ. संजीव मिश्र ने यूनिवर्सिटी की एक साल की रिपोर्ट पेश की और छात्रों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करने के लिए प्रेरित किया।
Also Read: Kanpur News: पिता की मौत से गहरे सदमे में था बेटा, स्टेटस पर लिखा “Miss You Papa” और लगा ली फांसी

