Lucknow News: नवरात्र पर लाइट गायब, लोगों ने पावर हाउस का किया घेराव
Lucknow News: महानगर इलाके में मंगलवार देर रात करीब छह घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरे के कारण डंडहिया बाजार में चल रहा नवरात्रि का देवी जागरण बीच में ही बंद करना पड़ा। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने सुभाष पार्क स्थित पावर हाउस का घेराव कर हंगामा किया।
लोगों का आरोप है कि बिजली जाने के बाद उन्होंने कई बार अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। वहीं नवरात्र जैसे मौके पर भी बिजली विभाग की लापरवाही से मोहल्लों में अंधेरा छा गया और घरों के इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए।
पार्षद के नेतृत्व में पावर हाउस पहुंचे लोग
बिजली न आने पर स्थानीय लोग भाजपा पार्षद हरीश चंद्र लोधी के घर पहुंचे। इसके बाद करीब 200 लोग पार्षद के साथ सुभाष पार्क पावर हाउस पहुंच गए। पार्षद लोधी ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने झूठा आश्वासन दिया था कि बिजली रात 12:15 बजे तक बहाल हो जाएगी, लेकिन सप्लाई करीब दो बजे जाकर शुरू हुई।
बिजली विभाग का पक्ष
इस बीच मौके पर पहुंचे ईएक्सएन गौरव कुमार ने कहा कि तकनीकी फॉल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। सूचना मिलते ही एसडीओ और अन्य अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। हालांकि जांच में कोई बड़ा फॉल्ट नहीं मिला है। फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य है।
त्योहार के दिन घंटों बिजली गायब रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है और उन्होंने विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।
Also Read: रानी मुखर्जी को मिला पहला राष्ट्रीय पुरस्कार, दिवंगत पिता को किया समर्पित

