रामायण का बड़ा सरप्राइज: राघव जुयाल बने मेघनाद, 5 सेकंड की झलक ने खींचा फैंस का ध्यान
Bollywood News: फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार चर्चा बनी हुई है।
फिल्म में कई बड़े कलाकारों की मौजूदगी और किरदारों के खुलासे के बीच मेकर्स ने एक ऐसा सरप्राइज दिया है, जिसकी पहले किसी को भनक तक नहीं लगी।
डांसर और अभिनेता राघव जुयाल इस फिल्म में रावण के बेटे मेघनाद का किरदार निभा रहे हैं।
खास बात यह है कि राघव की कास्टिंग को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। फिल्म देखने के बाद ही उनके किरदार का खुलासा हुआ।
मेघनाद के रूप में राघव की करीब पांच सेकंड की झलक सामने आई है, जिसमें वह असुर योद्धा के लुक में दिखाई दे रहे हैं।
काले कपड़ों और दमदार गेटअप में उनका अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, फिल्म के पहले पार्ट में उनका किरदार सीमित नजर आएगा, जबकि दूसरे पार्ट में उन्हें विस्तार से दिखाया जाएगा।
कौन था मेघनाद, जिसे कहा जाता था इंद्रजीत?
रामायण में मेघनाद लंकापति रावण का पुत्र और एक शक्तिशाली योद्धा था। उसे इंद्रजीत के नाम से भी जाना जाता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, उसने युद्ध में देवराज इंद्र को पराजित कर बंदी बना लिया था। इसी वजह से उसे इंद्रजीत की उपाधि मिली।
मेघनाद अपनी मायावी शक्तियों और युद्ध कौशल के लिए जाना जाता था। राम-रावण युद्ध के दौरान उसने अपनी शक्तियों से लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया था।
बाद में लक्ष्मण ने ही युद्ध में उसका वध किया था। ऐसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण किरदार में राघव जुयाल को देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होगा।
डांसर से अभिनेता तक राघव का सफर
राघव जुयाल ने अपने करियर की शुरुआत डांस से की थी। अपने खास स्लो-मोशन डांस स्टाइल के कारण उन्हें अलग पहचान मिली।
इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई।
राघव ‘एबीसीडी 2’, ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ और ‘किसी का भाई किसी की जान’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। फिल्म ‘किल’ में उनके अभिनय को भी दर्शकों ने नोटिस किया था।
अब ‘रामायण’ में मेघनाद के किरदार के साथ वह एक नए अंदाज में दिखाई देने वाले हैं। उनकी छोटी सी झलक ने ही फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
Also Read: लॉरेंस के चाचा ने सलमान से की माफी की अपील, मुकाम मंदिर आने पर दिया सुरक्षा का भरोसा

