नामांकन शुरू होते ही गरमाई सियासी हवा, केशव मौर्य का RJD पर हमला, बोले- बिहार को जंगलराज नहीं चाहिए
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। इस चुनावी माहौल को गर्माने के लिए पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी सियासी हलचल तेज़ हो गई है। यूपी के उपमुख्यमंत्री और बिहार चुनाव के सह-प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही यूपी सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान भी चुनावी दौरे पर बिहार पहुँच चुके हैं।
केशव मौर्य का RJD पर तीखा हमला
बिहार चुनाव के सह-प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर सीधा हमला बोला। उन्होंने बिहार के मतदाताओं को आरजेडी के शासनकाल की याद दिलाते हुए लिखा, बिहार को राजद का जंगलराज नहीं चाहिए, जब माफिया और अपराधी सरताज थे।
वहीं पटना पहुँचे यूपी सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते हुए बिहार में NDA की जीत का पूरा विश्वास जताया। उन्होंने कहा, हमें पूर्ण विश्वास है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। बिहार के लोगों को नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर भरोसा है और जिस तरीके से डबल इंजन की सरकार ने बिहार में विकास का काम किया है, लोग उससे खुश हैं और फिर से एनडीए सरकार लाने के लिए उत्सुक हैं।
चौहान ने तेजस्वी यादव के ‘हर घर नौकरी’ वाले वादे पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को लालू प्रसाद यादव के पहले के शासन को देखते हुए, उनके वादे पर ज़रा भी भरोसा नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एनडीए गठबंधन में सब कुछ बिल्कुल ठीक है और सभी नेता मिलकर सरकार बनाने में जुटे हुए हैं।
पहले चरण के लिए नामांकन शुरू
शुक्रवार से बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों के लिए उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर को होगा, जिसमें गोपालगंज, सीवान, पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, नालंदा और दरभंगा जैसे जिले शामिल हैं।

