कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार

Jhansi News: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू (पप्पू गिरधारी) को आखिरकार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले 25 दिनों से लगातार दबिश दे रही थी। बीच में उनके नेपाल भागने की भी चर्चाएं थीं। गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तराखंड और यूपी के बरेली में करीब 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुके हैं।

यह मामला तब सामने आया जब 15 अक्टूबर को खुद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। रेखा आर्या ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि साहू ने अपनी पहली शादी की बात उनसे छुपाई, उनके साथ धोखाधड़ी की, फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनियों से बाहर निकाला और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

एसआईटी की जांच और हाईकोर्ट का राहत देने से इनकार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था, जिसने साहू के कई करीबियों से पूछताछ की। इस बीच गिरधारी लाल साहू ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और एफआईआर निरस्त कराने के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें झांसी से धर दबोचा।

Also Read: मोहम्मद शमी को टेस्ट टीम से बाहर रखने पर भड़के रवि शास्त्री, चयन प्रक्रिया पर उठाए सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.