Lucknow News: मौलाना खालिद रशीद ने बाढ़ राहत दल ‘टीम लखनऊ’ का किया ज़ोरदार स्वागत

हिमाचल और पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद कर लौटी 'टीम लखनऊ' का भव्य स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों की मदद कर लखनऊ लौटी ‘टीम लखनऊ’ का आज इस्लामिक सेंटर ईदगाह में ज़ोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। टीम के संरक्षक और प्रसिद्ध धर्म गुरु मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने सेवा और समर्पण के इस कार्य की जमकर सराहना की।

मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने टीम के सदस्यों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में टीम लीडर मुर्तजा अली, कुदरत उल्ला खान, अब्दुल वहीद, जुबैर अहमद, वामिक खान, और जसबीर गांधी प्रमुख रहे।

‘नेक काम के लिए आपको चुना गया’

इस अवसर पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने टीम के सदस्यों की बहादुरी और निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘अल्लाह का आप सब पर बड़ा करम है, जिसने आपको इस नेक काम के लिए चुना’। उन्होंने आगे कहा कि टीम के सदस्यों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए पंजाब और हिमाचल के कई गांवों और दुर्गम इलाकों तक पहुंचकर ज़रूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं पहुंचाईं।

उन्होंने कहा, “लखनऊ और प्रदेश की अवाम आप लोगों की यह खिदमत हमेशा याद रखेगी।”

टीम लीडर मुर्तजा अली ने इस सम्मान के लिए मौलाना खालिद रशीद का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने लखनऊ की अवाम और उन 26 संस्थाओं का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने भरपूर मदद करके ‘टीम लखनऊ’ को यह बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी थी। मुर्तजा अली ने कहा कि अल्लाह ने उन्हें इस ज़िम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने में मदद की।

Also Read: Corruption: सौ करोड़ के पार पहुंच रही उत्तर प्रदेश के लेखपालों की आर्थिक हैसियत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.