नकली ‘भारत डीएपी’ उर्वरक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सरगना सहित 3 गिरफ्तार, नकली खाद बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), उत्तर प्रदेश ने किसानों को जन उर्वरक परियोजना भारत (डीएपी) और इंडियन पोटास लिमिटेड (आईपीएल) के कूटरचित बैग में नकली डीएपी तथा अन्य उर्वरक तैयार कर बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने इस गैंग के मुख्य सरगना सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में नकली खाद और उपकरण बरामद किए हैं।

एसटीएफ को विगत कई दिनों से नकली डीएपी उर्वरक बनाकर बाजार में बेचने और अन्य राज्यों में वितरित किए जाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को सक्रिय किया गया था।

गिरफ्तारी का विवरण

एसटीएफ फील्ड इकाई, आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक श्री राकेश के पर्यवेक्षण में सूचना संकलन के दौरान निरीक्षक श्री यतीन्द्र शर्मा के नेतृत्व में टीम को नकली खाद से भरा एक ट्रक मथुरा आने की सूचना मिली।

मथुरा में गिरफ्तारी

दिनांक 15-10-2025 को समय 08:15 बजे तारसी चौराहा, थाना हाईवे, मथुरा पर संदिग्ध ट्रक (नंबर RJ 05 GB 6212) को रोककर चालक जगन सिंह को गिरफ्तार किया गया।

जगन सिंह की निशानदेही पर एग्रो जंक्शन केंद्र के मालिक सुभाष सिंह (निवासी भैंसा, मथुरा) को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने बताया कि उसने यह नकली खाद गैंग के सरगना राहुल सिंघल से खरीदी थी।

गाजियाबाद में गिरफ्तारी (सरगना)

सुभाष सिंह और जगन सिंह से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ की एक टीम गाजियाबाद पहुंची और जिला कृषि अधिकारी (गाजियाबाद) अमित कुमार को साथ लेकर मुरादनगर, गाजियाबाद स्थित एक अवैध उर्वरक निर्माण परिसर से मुख्य सरगना राहुल सिंघल को गिरफ्तार किया।

बरामदगी का विवरण

एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में नकली/संदिग्ध उर्वरक एवं सामग्री बरामद की।

नकली/संदिग्ध उर्वरक की 500 बोरी (35 बैग भारत डीएपी, 450 बैग विराट भूमि शक्ति मार्का, 550 बैग बिना मार्का)।

भारत डीएपी (आईपीएल कम्पनी मार्का) के 1200 नग खाली बैग।

प्लेन (बिना प्रिंट) खाली बैग: 1000 नग।

01 ट्रक (नंबर RJ 05 GB 6212) और 01 बोलेरो (UP 85 CN 7497)।

01 पैकिंग सिलाई मशीन और 50 रील धागे।

जांच एवं अग्रिम कार्रवाई

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त राहुल सिंघल ने बताया कि वह नकली डीएपी का निर्माण और पैकिंग कराता था। कच्चा माल मुजफ्फरनगर से, जबकि आईपीएल मार्का भारत डीएपी के खाली बैग जयपुर (राजस्थान) और कोलकाता से मंगाए जाते थे। वह इस काम को काफी समय से कर रहा था और उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा अन्य राज्यों के किसानों को नकली खाद की सप्लाई कर लगभग तीन से चार गुना मुनाफा कमाता था। जिला कृषि अधिकारी, मथुरा और गाजियाबाद की टीम ने बरामद सामान और संदिग्ध उर्वरक के नमूने लेकर तकनीकी जांच के लिए भेज दिए हैं।

पंजीकृत अभियोग

थाना हाईवे, मथुरा में अभियुक्त जगन सिंह और सुभाष सिंह के विरुद्ध मु0अ0स0 0952/2025 धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना मुरादनगर, गाजियाबाद में मुख्य अभियुक्त राहुल सिंघल के विरुद्ध मु0अ0स0 0527/2025 धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 व 318 (2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: कपिल शर्मा के कैफे पर फिर चली गोलियां, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.