दीपावली से पहले लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब, ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं; बढ़ाई गई सुरक्षा
Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली के त्यौहार पर अपने घरों को लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ शनिवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ी। पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का सैलाब देखने को मिला, आलम यह था कि खिड़कियों से लेकर सीटों तक यात्री ठसाठस भरे हुए थे। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जनरल कोचों में ‘सैलाब’, वीआईपी ट्रेनों में भी जगह नहीं
लखनऊ से गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत लगभग 45 जिलों के लिए शुक्रवार से यात्रियों की रवानगी शुरू हो गई है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण अधिकांश यात्रियों को जनरल कोचों में खड़े होकर सफर करना पड़ा।
पंजाब मेल, त्रिवेणी एक्सप्रेस, वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस और इंटरसिटी जैसी प्रमुख और वीआईपी ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने प्लेटफॉर्मों पर व्यवस्था संभाली और रिजर्वेशन कराकर पहुंचे यात्रियों को उनकी सीटों तक पहुंचने में भी मदद की।
दिल्ली, मुंबई रूट पर आज से बढ़ेगी भीड़
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शनिवार (18 अक्टूबर) से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी भीड़ का सिलसिला शुरू हो जाएगा। पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, एलटीटी, गोरखधाम, वैशाली और कैफियत एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी संख्या रहने की संभावना है।
सुरक्षा के लिए सघन चेकिंग अभियान
त्योहारों को देखते हुए शुक्रवार को चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने श्वान दल (Dog Squad) और बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर प्लेटफॉर्म, पार्सल दफ्तर और सरकुलेटिंग एरिया की जांच की। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान दीपावली के बाद तक जारी रहेगा, जिसके लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
Also Read: Shamli News: 1 लाख का इनामी कुख्यात बदमाश नफीस उर्फ मुदा मुठभेड़ में ढेर

