Noida News: IPS अधिकारी पर पत्नी ने दर्ज कराई FIR, दहेज उत्पीड़न और अवैध संबंधों के लगाए गंभीर आरोप

Noida News: नोएडा के थाना सेक्टर-126 में कर्नाटक कैडर के 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी शिवांशु राजपूत और उनके परिवार के ख़िलाफ़ उनकी डॉक्टर पत्नी कृति सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफ़आईआर दर्ज कराई है। यह एफआईआर 41 पन्नों की बताई जा रही है।

डॉ. कृति सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में पति शिवांशु राजपूत के साथ-साथ सास, ससुर, देवर, देवरानी और पति के कुछ दोस्तों समेत कुल सात लोगों को नामजद किया है।

शिकायत में डॉ. कृति सिंह ने आरोप लगाया है कि दिसंबर 2021 में आगरा के एक पाँच सितारा होटल में उनकी शादी बड़े स्तर पर हुई थी, जिसमें उनके परिवार ने गहनों और अन्य खर्चों समेत लगभग दो करोड़ रुपये ख़र्च किए थे। इसके बावजूद, शादी के बाद से ही आईपीएस पति और उनके ससुराल वाले लगातार दहेज की माँग करते रहे, जिसके चलते उन्हें मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

डॉ. कृति सिंह ने यह भी दावा किया है कि आईपीएस शिवांशु राजपूत के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। शिकायत के अनुसार, जब उन्होंने इन संबंधों का विरोध किया तो पति ने उन्हें छोड़ने की धमकी दी। दंपति का डेढ़ साल का एक बेटा भी है।

इन धाराओं में हुआ मुकदमा दर्ज

थाना सेक्टर 126 पुलिस ने डॉ. कृति सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार ने बताया कि आईपीएस अधिकारी शिवांशु राजपूत और उनके परिवार के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 85, 115(2), 352, 351(2), 3(5) और 316(2) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चूँकि आरोप एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पर हैं, इसलिए सभी आरोपों की गहनता से जाँच की जा रही है और जाँच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: बलरामपुर: CHC की संवेदनहीनता उजागर, एक घंटे तक तड़पता रहा सड़क हादसे में घायल दरोगा, डॉक्टर नदारद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.