‘हमारे ऊपर भी बुलडोजर चलवा देते’, मेरठ में बीजेपी नेता को महिला व्यापारी ने सुनाई खरी-खोटी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ सेंट्रल मार्केट में आवास विकास परिषद द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद व्यापारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। बीजेपी सांसद अरुण गोविल द्वारा बाजार खुलवाए जाने के बावजूद, जिन व्यापारियों की दुकानें तोड़ी गई हैं, वे अब भी धरने पर बैठे हैं।
मेरठ सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आवास विकास परिषद ने 661/6 कॉम्प्लेक्स पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी, जिसके बाद 31 और भवनों को नोटिस दिए गए थे।
समस्या के समाधान का मिला आश्वासन
बीजेपी सांसद अरुण गोविल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी और समाधान निकाला जा रहा है। इसके बाद बाजार खोल दिए गए थे और मिठाई भी बांटी गई थी।
हालांकि, दुकानें टूटने से प्रभावित व्यापारी, जिन्हें कोई वैकल्पिक स्थान नहीं दिया गया, शुक्रवार को फिर से धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब बीजेपी नेता विनीत शारदा मौके पर पहुँचे। एक महिला व्यापारी ने गुस्से में आकर उन्हें खरी-खोटी सुनाई और आक्रोश में कहा, “हमारे ऊपर भी बुलडोजर चलवा देते।”
महिला व्यापारी के इस आक्रोश का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि उनकी टूटी दुकानों के मालिकों से किसी भी बीजेपी नेता ने संपर्क नहीं किया और उन्हें वैकल्पिक स्थान न मिलने से वे गंभीर संकट में हैं।
Also Read: Jaunpur News: 1 लाख रंगदारी न देने पर ढहाई गई चारदीवारी, 15 आरोपितों पर केस दर्ज

