बैंक लोन फर्जीवाड़ा केस में अनिल अंबानी की बढ़ी मुश्किलें, ईडी ने फिर भेजा समन
Sandesh Wahak Digital Desk: रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी (Anil Ambani) की परेशानियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। बैंक लोन फर्जीवाड़ा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया है। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, 66 वर्षीय उद्योगपति को ईडी ने 14 नवंबर को पेश होने का नोटिस भेजा है। उनसे यह पूछताछ एसबीआई बैंक लोन फर्जीवाड़ा केस में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को लेकर की जाएगी।
ईडी की जांच का दायरा बढ़ा
आपको बताते चलें कि, इससे पहले ईडी ने अगस्त माह में भी अनिल अंबानी (Anil Ambani) से कई घंटों तक पूछताछ की थी। उस दौरान एजेंसी ने उनसे रिलायंस ग्रुप की कई कंपनियों के वित्तीय लेन-देन और कथित धन शोधन गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां मांगी थीं।
सूत्रों के अनुसार, ईडी अब इस मामले में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस कम्युनिकेशंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस जैसी ग्रुप कंपनियों के जरिए हुए फंड ट्रांसफर और कर्ज राशि के दुरुपयोग की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश में है कि लोन की रकम कहां और किस तरह इस्तेमाल की गई।
7,500 करोड़ की संपत्ति जब्त
ईडी ने हाल ही में रिलायंस ग्रुप से जुड़ी करीब 7,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं। अब जांच एजेंसी इस पूरे मामले में अनिल अंबानी की व्यक्तिगत भूमिका और निर्णय प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर रही है।
अनिल अंबानी (Anil Ambani) के लिए यह समन ऐसे समय में आया है, जब रिलायंस ग्रुप की कई कंपनियां पहले से ही वित्तीय संकट से गुजर रही हैं। आने वाले दिनों में ईडी की पूछताछ इस पूरे प्रकरण पर बड़ा असर डाल सकती है।
Also Read: PM मोदी ने RJD पर बोला करारा हमला, गिनाया जंगलराज के जीरो विकास का रिपोर्ट कार्ड

