लखनऊ के 10 नामी स्वीट्स शॉप पर FSDA का शिकंजा, कई दुकानें सील, 20 लाख की मिठाई नष्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बुधवार को लखनऊ के 10 नामी और प्रतिष्ठित मिठाई की दुकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल ₹20.57 लाख मूल्य की मिलावटी और सड़ी हुई मिठाई व संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त/नष्ट की गई।

गंदगी और गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर सियाराम स्वीट्स, कंचन स्वीट्स और राधेलाल क्लासिक दुकानों को सीज कर दिया गया।

मिलावट और गंदगी का खुलासा

एफएसडीए आयुक्त ने बताया कि 10 स्पेशल टीमों ने एक साथ छप्पन भोग, नीलकंठ, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, सियाराम समेत अन्य बड़ी दुकानों का निरीक्षण किया।

टीमों ने कुल 36.64 क्विंटल संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज की। लगभग 595 किलो मिठाई मानव उपभोग के लिए अयोग्य पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

गोमती नगर के सियाराम स्वीट्स में कंटेनर में सड़ी गंध, फर्श पर फैली चाशनी और खुले में रखी मिठाइयां मिलीं। कंचन स्वीट्स में फ्रिज और भंडारण स्थान पर गंदगी तथा दीवारों पर फफूंदी पाई गई।

कामता चौराहा स्थित नीलकंठ स्वीट्स से 255 किलो कालातीत (Expired) मिठाई सड़ी मिली, जिस पर निर्माण या समाप्ति तिथि दर्ज नहीं थी।

छप्पन भोग के नादरगंज स्थित कारखाने से बड़ी मात्रा में मिस ब्रांडेड, मिलावटी मिठाई और ₹14.40 लाख मूल्य की सामग्री सीज की गई।

महालक्ष्मी स्वीट्स बिना फूड लाइसेंस के संचालित हो रही थी, जिसे फौरन बंद कराया गया।

जांच हेतु नमूने और चेतावनी

एफएसडीए ने इन दुकानों से कुल 21 नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। श्याम स्वाद स्वीट्स से करीब 3 क्विंटल काजू की मिठाई जब्त की गई, जिसकी कीमत ₹3.60 लाख है।

आयुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सभी मिठाई की दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। सुधार न करने की दशा में इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार लाइसेंस निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: आगरा की दीप्ति शर्मा का भव्य स्वागत आज, 10 KM लंबे रोड शो के लिए शहर तैयार, सुरक्षा चाक-चौबंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.