वर्दी उतरवा दूंगी! नशे में धुत युवती का पुलिस पर हमला, सिपाहियों को दांत से काटा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। बासमंडी चौराहे पर कार में शराब पी रहे चार युवकों और एक युवती को टोकने पर युवती ने पुलिसकर्मियों के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि गाली-गलौज, हाथापाई और महिला सिपाहियों को दांत काटने जैसी गंभीर वारदात को भी अंजाम दिया। पुलिस ने युवती समेत सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

घटना का विवरण और अराजकता

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात दारोगा अमजद अली अपनी टीम के साथ बासमंडी चौराहे पर गश्त कर रहे थे। संदिग्ध हालत में खड़ी एक कार के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कार में तीन पुरुष और एक महिला बीयर पी रहे थे।

पूछताछ करने पर युवती ने अपना नाम मानसी पांडेय बताया और तुरंत पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी देते हुए बदसलूकी शुरू कर दी। युवती के काबू से बाहर होने पर महिला सिपाही (रानी वर्मा, शशि देवी, किरण और फरहीन रिजवी) को बुलाया गया। इस दौरान नशे में धुत युवती ने दारोगा अमजद अली की कॉलर पकड़कर वर्दी फाड़ने का प्रयास किया।

आरोपी युवती ने सिपाही किरण और फरहीन रिजवी को दांत काटकर घायल कर दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पकड़ा और थाने ले गई, जहाँ वह लगातार गाली-गलौज करती रही।

हिरासत और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने दारोगा अमजद अली की तहरीर पर तत्काल एफआईआर दर्ज की है। आरोपी युवती मानसी पांडेय और उसके तीन दोस्त— अतुल जोशी, गौरव शुक्ला और शुभम पटेल को हिरासत में लिया गया है। घायल महिला पुलिसकर्मियों और आरोपी युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसी पांडेय फिल्मों में लोकल लाइन प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: डीडीयू जंक्शन पर बड़ी कामयाबी, संदिग्ध युवक के बैग से 60 लाख कैश बरामद, जांच शुरु

Get real time updates directly on you device, subscribe now.